कोरोना से जंग में पूरी ताकत से जुटी है सरकार, घबराएं नहीं, सतर्क रहें- चांदना


जिले में कोविड-19 प्रबंधन की समीक्षा कर दिए निर्देश


बून्दी। युवा मामले एवं खेल, कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता, परिवहन एवं सैनिक कल्याण विभाग राज्यमंत्री अशोक चांदना ने रविवार को जिला कलेक्टर चेंबर में जिले में कोविड-19 की स्थितियों एवं प्रबंधन की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी ताकत से कोविड से संघर्ष कर रही है। हमारे जिले में भी कोविड संक्रमित रोगों के उपचार एवं व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।राज्य मंत्री श्री अशोक चांदना ने जिले में प्रतिदिन  लिए जा रहे  सैंपल,  संक्रमितों की संख्या,  आइसोलेशन एवं उपचार की व्यवस्थाएं, ऑक्सीजन की औसत आवश्यकता एवं उपलब्धता आदि विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी ली। जिला कलेक्टर आशीष गुप्ता एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ महेंद्र त्रिपाठी ने विस्तार से जानकारी दी और कोविड-19 प्रबंधन एवं विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में अवगत कराया। राज्य मंत्री श्री चांदना ने कहा कि प्रभावी व्यवस्थाओं के साथ-साथ लोगों को जागरूक किया जाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। लोगों को समझाया जाए कि ऑक्सीजन एवं रेमडीसीविर की आवश्यकता किन परिस्थितियों में होती है।हर एक संक्रमित के लिए इनकी जरूरत नहीं। उन्होंने निर्देश दिए कि  वास्तविक आवश्यकता वाले लोगों को ऑक्सीजन एवं दवाओं की  उपलब्धता में कोई कमी नहीं रहे। उन्होंने अपने विधायक कोटे से स्वीकृति के लिए ऑक्सीजन एवं कोविड-19 संबंधी आवश्यकता वाले संसाधनों के लिए प्रस्ताव  बना कर भिजवाने के निर्देश दिए। राज्य मंत्री ने नैनवा  अस्पताल को जिला अस्पताल स्तर का बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश दिए।

 जिले में वैक्सीनेशन की स्थिति पर भी राज्य मंत्री ने जानकारी ली और प्रदेश में दूसरे क्रम पर रहने पर इस उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द अधिकाधिक लोग अपनी श्रेणी के अनुसार  टीका  लगवाएं और सुरक्षित हो जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि आमजन को मास्क सही तरीके से पहनने और इसके बारे में आवश्यक सावधानियां रखने के लिए भी समझाया जाए।


 *पेयजल के लिए हो बेहतर प्रबंधन* 

राज्य मंत्री श्री अशोक चांदना ने जिले में पेयजल की स्थिति, विद्युत सार्वजनिक निर्माण,ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज की गतिविधियों की भी समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी गर्मियों को ध्यान में रखते हुए पेयजल के लिए बेहतर प्रबंधन किया जाए तथा वर्षा काल तक के लिए पर्याप्त जल संग्रहण रखा जाए। निर्देश दिए कि सभी जनता जल योजना चालू रहनी चाहिए।  नरेगा में अधिकाधिक ग्रामीणों को रोजगार दिया जाए। विद्युत तंत्र को सुदृढ़ बनाया जाए। विद्युत चोरी रोकने के लिए अभियान स्तर पर कार्य किया जाए। सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता से बजट घोषणाओं एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की जानकारी ली और निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाए। कार्य समय पर पूरे हों, यह भी सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में जिला प्रमुख श्रीमती चंद्रावती कंवर, अतिरिक्त जिला कलेक्टर एयू खान,जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुरलीधर प्रतिहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोरी लाल, उपखंड अधिकारी कैलाश गुर्जर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ महेंद्र त्रिपाठी एवं अन्य चिकित्सा अधिकारी  सहित  अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।