कार की टक्कर से बालक की दर्दनाक मौत


टक्कर मारने के बाद तेज गति से कार भगा रहे चालक को पुलिस ने नाकाबंदी में कार सहित पकडा


खेत से मां के साथ घर आ रहा था मृतक बालक, परिजनों में मचा कोहराम, गांव में छाई शोक की लहर


टोंक/अलीगढ़/उनियारा,(शिवराज मीना)। अलीगढ़ कस्बे के समीप बुधवार शाम को एन.एच.116 टोंक-सवाईमाधोपुर रोड पर ग्लोबल आईटीआई के पास कार की टक्कर से एक 10 वर्षीय बालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।जानकारी के अनुसार अलीगढ़ थाने के सहायक थाना प्रभारी महावीर प्रसाद चैधरी ने बताया कि बुधवार शाम को एन.एच.116 टोंक-सवाईमाधोपुर रोड पर ग्लोबल आईटीआई के पास कार की टक्कर से दुर्घटना में उखलाना गांव निवासी अमरदीप (10) पुत्र बत्तीलाल मीना कि मौत हुई है। जो कि खेत से अपनी मां के साथ घर पर आ रहा था तभी अलीगढ़ की ओर से सवाईमाधोपुर की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। जिससे बालक के सिर, एक हाथ व पेट की पसलियों में गम्भीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।


टक्कर के बाद कार चालक सवाईमाधोपुर की तरफ कार को लेकर भगाने लगा तो पास में ही नाकाबंदी कर रही पुलिस ने राहगीरों की सूचना पर कार सहित चालक को दबोच लिया गया। वहीं परिजनों व पुलिस द्वारा मृतक बालक के शव को पोस्टमार्टम कार्रवाई के लिए अलीगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अस्पताल लाया गया। जहाँ पर पंचनामा रिपोर्ट तैयार कर मोर्चरी के अभाव में पुलिस थाने के समीप जीप के अन्दर ही मेडिकल बोर्ड के डॉ. गिरिश कटारिया व डॉ. मधुसूदन शर्मा की टीम से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।