प्रभारी मंत्री ने सुनी परिवेदनाएं
बूंदी, 2 अप्रेल। उद्योग एवं राजकीय उपक्रम विभाग मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री श्री परसादी लाल मीणा ने शुक्रवार को हिंडोली पंचायत समिति के सभागार में जनसुनवाई कर आमजन की परिवेदनाएं सुनीं।
प्रभारी मंत्री ने आमजन की समस्याओं की संवेदनशीलता के साथ सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में प्रमुख रूप से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद के लिए टोकन व्यवस्था में आ रही परेशानियों को लेकर शिकायतें आई। मंत्री ने बताया कि पूरे राज्य में इस तरह की दिक्कतें आई हैं, जिनके संबंध में आवश्यक कदम उठाए गए हैं। अतिक्रमण, भूमि संबंधी विवाद, कॉलेज छात्रा के साथ बदसलूकी आदि के भी मामले आए, जिनमें पुलिस अधीक्षक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। धोवड़ा में सड़क के डामरीकरण,गुडा बांध की बाईं मुख्य नहर को सुचारु रुप से चालू करने तथा नेत गांव को माडा योजना में शामिल करने की मांग पूर्व सरपंच महेंद्र सिंह हाडा ने उठाई। उमर के बटवाडी गांव में विद्युत समस्या का मुद्दा भी उठाया गया। मेरिट कम मींस छात्रवृत्ति नहीं मिलने की शिकायत दो छात्राओं की ओर से की गई जिस पर जिला शिक्षा अधिकारी तेज कवर ने वस्तु स्थिति से अवगत कराया।
जनसुनवाई में उप जिला प्रमुख बंशीलाल मीणा पंचायत समिति हिंडोली की प्रधान कृष्णा माहेश्वरी, संभागीय आयुक्त केसी मीणा, जिला कलेक्टर आशीष गुप्ता, पुलिस अधीक्षक शिवराज मीणा, अतिरिक्त कलेक्टर एयू खान, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुरलीधर प्रतिहार, उपखंड अधिकारी हिंडोली मुकेश चैधरी एवं जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
-----
पीड़ित को राहत के लिए सभी अधिकारी रोज करें जनसुनवाई-जिला प्रभारी मंत्री
अधिकारियों की बैठक लेकर की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा
बूंदी, 2 अप्रैल। उद्योग एवं राजकीय उपक्रम विभाग मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री श्री परसादी लाल मीणा ने कहा है कि अधिकारी संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं।आमजन को त्वरित राहत देने को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।प्रतिदिन अपने कार्यालय में एक घंटा जनसुनवाई करें। जिला प्रभारी मंत्री ने यह निर्देश शुक्रवार को हिंडोली में पंचायत समिति सभागार में आयोजित जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण ही सबसे बड़ा न्याय है और समस्याओं को लंबित रखना सबसे बड़ा अन्याय। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप अधिकारी पीड़ित को त्वरित राहत दिलाने को अपना सर्वोच्च धर्म समझें।उन्होंने जनसुनवाई में आए प्रकरणों के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर प्रकरण को संवेदनशीलता के साथ लिया जाए।विद्युत के बकाया प्रकरणों में जिला कलेक्टर के साथ विचार-विमर्श कर आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा सात दिवस में बकाया का निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी दो महीने काफी चुनौतीपूर्ण हैं। इन महीनों में बिजली और पानी की व्यवस्था सुचारू रखी जाए। पेयजल संकट वाले क्षेत्रों में अभी से ही कार्य योजना बनाकर वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।खराब हैंडपंपों को ठीक कराया जाए, ताकि आमजन को परेशानी ना आए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर काफी घातक है इसलिए सभी की जिम्मेदारी है कि अपने-अपने विभागों में कोरोना से बचाव की गाइड लाइन की पूर्ण पालना सुनिश्चित कर ली जाए, औरों को भी जागरूक किया जाए।इससे पूर्व जिला प्रभारी मंत्री ने ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, विद्युत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, शिक्षा, चिकित्सा, रीको सहित अन्य विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। कहा कि सभी विभाग और बेहतर कार्य करें तथा जिले को नंबर वन रखें।
कमजोर का संबलन करें
संभागीय आयुक्त केसी मीणा ने पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि अधिक से अधिक श्रमिकों को 100 दिन का रोजगार दिया जाए। प्रधान मंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को व्यक्तिगत लाभ की सभी सरकारी योजनाओं का लाभ सभी विभाग मिल कर दें ताकि कमजोर का संबलन हो सके। शिक्षा तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग छात्रवृत्ति योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू करें ताकि हर पात्र विद्यार्थी इनका लाभ उठा सके। उन्होंने प्रभारी मंत्री को विश्वास दिलाया कि जिले में सरकारी योजनाओं की क्रियान्विति और प्रभावी तरीके से होगी।
बैठक में जिला प्रमुख श्रीमती चंद्रावती कंवर, जिला कलेक्टर आशीष गुप्ता, पुलिस अधीक्षक शिवराज मीणा, अतिरिक्त कलेक्टर एयू खान,जिला स्तरीय एवं उपखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
------
राजस्थान स्थापना दिवस एवं होली समारोह में शिरकत
बूंदी,2 अप्रेल। प्रभारी मंत्री श्री परसादी लाल मीणा ने शुक्रवार को हिंडोली पंचायत समिति के संपर्क आईटी केंद्र में राजस्थान स्थापना दिवस एवं होली समारोह में जूम मीटिंग के माध्यम से शिरकत की। जिला प्रमुख श्रीमती चंद्रावती कंवर, संभागीय आयुक्त केसी मीणा,जिला कलेक्टर आशीष गुप्ता एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
-----
डीएमएफटी बैठक में विकास कार्यों की स्वीकृति
बूंदी 2 अप्रैल।जिला प्रभारी मंत्री परसादी लाल मीणा की अध्यक्षता में शुक्रवार को पंचायत समिति हिंडोली के सभागार में जिला मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट की गवर्निंग काउंसिल की बैठक आयोजित की गई।बैठक में गत बैठक में रखे गए प्रस्तावों की समीक्षा कर मंजूरी दी गई ।सदस्य सचिव खनि अभियंता खंड प्रथम देवीलाल बंशीवाल ने बताया कि खनन क्षेत्रों में सड़क निर्माण, विद्यालय में कक्षा कक्ष निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों के प्रस्ताव मंजूर किए गए। इनमें 31 कार्यों की वित्तीय स्वीकृति, 13 कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृति तथा 8 कार्यों की संशोधित प्रशासनिक स्वीकृति शामिल है।
प्रभारी मंत्री ने परिसर में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त केसी मीणा, जिला कलेक्टर आशीष गुप्ता,क्षेत्रीय वन अधिकारी सोनल जोहरयार एवं अन्य मौजूद रहे।
------

0 Comments